नई दिल्ली:बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा प्रमुख अखिलेश यादव कल लखनऊ में साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। दोनों कल दोपहर करीब 12 बजे लोकसभा चुनाव 2019 के लिए गठबंधन का औपचारिक ऐलान कर सकते हैं। चर्चा है कि आज लखनऊ में मायावती और अखिलेश यादव मुलाकात भी कर सकते हैं। इस मुलाकात में गठबंधन और सीटों पर चर्चाओं की संभावना जताई जा रही है। यूपी में लोकसभा की 80 सीटें हैं।
बसपा सुप्रीमो मायावती गुरुवार की शाम लखनऊ पहुंचीं। वह पूरी तरह से चुनावी मूड में दिखाईं दे रही हैं। आने के तुरंत बाद भाईचारा कमेटी की बैठक ली। उन्होंने कहा कि लोकसभा पर चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाएं। इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की। बताया जा रहा है कि वह सिर्फ चार दिनों तक लखनऊ में रहेंगी और 15 को जन्मदिन मनाने के बाद अपराह्न दिल्ली चली जाएंगी।
रालोद और लोकसभा उपचुनाव में गोरखपुर सीट जीतने वाले निषाद पार्टी के सांसद भी उनसे मिल सकते हैं। इन चर्चाओं के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि गठबंधन में सहयोगियों को कितने सीटें मिलेंगी। कोई बड़ा व्यवधान अगर नहीं होता है तो मायावती 15 जनवरी को अखिलेश के साथ प्रेस कांफ्रेंस कर लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा कर सकती हैं।
भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर दिखाएंगे ताकत
सपा-बसपा यूपी में करीब 24 साल बाद एक बार फिर से करीब होते हुए दिखाई दे रहे हैं। सपा-बसपा गठबंधन 2 जून 1995 में टूटा था। इसके बाद दोनों दल एक साथ नहीं आए। यूपी में अब दोनों दल एक होते हुए दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक जन्मदिन समारोह में सहयोगी दलों के शीर्ष नेताओं को शामिल करने पर भी विचार हो रहा है।