महेश प्रताप/रुधौली, बस्ती। रुधौली नगर पंचायत और सुरवार कला में रविवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। एक ओर, रुधौली के बालेश्वरी नगर वार्ड में मां दुर्गे के मंदिर के जीर्णोद्धार और मूर्ति स्थापना के लिए भव्य कलश यात्रा निकाली गई, तो दूसरी ओर, सुरवार कला के आमचांदी में मां बाघेश्वरी के स्थान पर श्रीशतचंडी महायज्ञ के लिए भी कलश यात्रा का आयोजन हुआ। बालेश्वरी नगर वार्ड में आयोजित कलश यात्रा में 101 कलश लेकर महिलाएं और कन्याएं शामिल हुईं। डीजे की भक्तिमय धुनों पर नाचते-गाते भक्त मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। यात्रा बालेश्वरी नगर वार्ड से शुरू होकर बैंक चौराहा और बखिरा चौराहा होते हुए मां सरघाट मंदिर तक पहुंची। मंदिर में आचार्य दुर्गा प्रसाद मिश्र और उनकी टीम ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलशों में जल भरा। कार्यक्रम स्थल पर मुख्य यजमान लालचंद्र सोनी और उनकी धर्मपत्नी विमलेश सोनी ने कलश यात्रा का स्वागत किया। मूर्ति स्थापना के उपलक्ष्य में सात दिवसीय प्रवचन का आयोजन किया गया है। अवध धाम से आए कथावाचक स्वामी आलोकानंद महाराज हनुमत कथा का प्रवचन करेंगे। 8 मार्च को भव्य भंडारे का आयोजन होगा। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुजीत सोनी, सभासद प्रतीक सिंह, पूर्व सभासद गोपाल सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं, सुरवार कला स्थित आमचांदी में मां बाघेश्वरी के स्थान पर आयोजित होने वाले नौ दिवसीय श्रीशतचंडी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन को लेकर भी रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा यज्ञस्थल से चलकर सुरवार कला होते हुए शिवमंदिर पर पहुंची। जहां पोखरे पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच जल भरा गया। कलश यात्रा वापस यज्ञ स्थल पहुंची जहां स्वामी सरजू दास महाराज द्वारा कलश यात्रा का स्वागत किया गया। श्री शतचण्डी महायज्ञ के दौरान श्रीमद्भागवत कथा में चित्रकूट धाम से आये स्वामी पवन दास महाराज का प्रवचन किया जाएगा। इस मौके पर महेंद्र विक्रम सिंह, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय तिवारी, विष्णु पांडे, सर्वेश पांडे, मनोज कुमार कसौधन, दीपक कुमार पांडे सहित आदि लोग शामिल रहे। दोनों ही स्थानों पर आयोजित कलश यात्राओं में उमड़े भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर तरफ भक्ति और श्रद्धा का माहौल था।