टोक्यो:जापान के वैज्ञानिकों को पहली बार 17 क्षुद्रग्रहों पर पानी के सबूत मिले हैं। ये प्रमाण उन्हें इंफ्रारेड सैटेलाइट AKARI की मदद से मिले हैं। शोधकर्ताओं ने कहा कि इस खोज की मदद से हमारे सौर मंडल में मौजूद पानी, क्षुद्रग्रहों की उत्पत्ति, पृथ्वी पर पानी की उत्पत्ति से जुड़ी काफी महत्वपूर्ण जानकारियों का पता चलेगा। हमारे सौर मंडल में केवल पृथ्वी ही ऐसा ग्रह है जहां सतह पर पानी की पुष्टि हुई है। हालांकि वैज्ञानिक इस बात को लेकर कन्फर्म नहीं है कि यहां पृथ्वी पर पानी कहां से आया।
ताजा शोध में पता चला है कि हमारे सौर मंडल में मौजूद खगोलीय पिंडों में किसी न किसी रूप में पानी हुआ करता होगा या है। क्षुद्रग्रहों को उन स्त्रोतों में से एक माना जाता है जो कि हमारी पृथ्वी तक पानी लाए।
पब्लिकेशन ऑफ एस्ट्रोनॉमिकल सोसायटी ऑफ जापान में प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी (जेएएक्सए) और टोक्यो यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने पाया है कि क्षुद्रग्रहों में पानी हायड्रेटेड मिनरल्स के रूप में रहा होगा। इनका निर्माण पानी के केमिकल रिएक्शन से हुआ होगा।