रायबरेली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र के पहले दौरे में ही आज रायबरेली को 1100 करोड़ की सौगात देने के साथ पहले की सरकारों पर निशाना साधा। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी को निशाने पर रखा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा किआप सोचिए 2007 में स्वीकृत हुई रेल कोच 2010 में फैक्ट्री बनकर तैयार हो गयी। इसके बाद भी उत्पादन शून्य था। इससे पता चलता है कि पहले की सरकारों ने देश के संसाधनों के साथ अन्याय किया। इसकी गवाही रेल कोच फैक्ट्री दे रही है। अब जिस गति से काम हो रहा है वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यहां मंच पर आने से पहले रेल कोच मॉडर्न फैक्ट्री में था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज रायबरेली में 1100 करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया है। मैं तो रायबरेली के लोगों व भूमि को नमन करता हूं। इसी भूमि पर पण्डित अमोल शर्मा हुए। यह तो बीरा पासी, राणा बेनी माधव के बलिदान की भूमि है। आज मैं उस भूमि पर हूँ जिसने साहित्य, राजनीति सहित सबको दिशा दिखाई है। इस भूमि के साथ न्याय नहीं किया गया। प्रधानमंत्री ने रायबरेली में कोच फ़ैक्टरी में उत्पादित 900वें रेल डिब्बे व हमसफर रेक को हरी झंडी दिखा कर देश को समर्पित किया।
रायबरेली व अमेठी का वास्तविक विकास 2014 के बाद से हुआ : योगी आदित्यनाथ
योगी आदित्यनाथ ने कहा रायबरेली का वास्तविक विकास 2014 के बाद से ही हुआहै। प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना किसी भेदभाव के देश के साथ प्रदेश के हर जिले तथा गांव के विकास के बारे में योजना बनाकर उसका क्रियान्वयन किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा रायबरेली की रेल फैक्ट्री नौजवानों को नौकरी दे रही है साथ ही मेक इन इंडिया के स्वरूप को भी साकार कर रही है। रायबरेली विकास के लिए तड़प रहा था। वहां 2014 के बाद से विकास के नए आयाम गढ़े जा रहे हैं। जुलाई में एम्स शुरू हुआ। सौभाग्य योजना में बिजली 1345 गांव पहुंचाई गई। उन्होंने, राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक एमएलसी आदि का नाम लेकर उदबोधन शुरू किया।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रायबरेली को 1100 करोड़ का तोहफा देने के साथ मार्डन रेल कोच फैक्ट्री का निरीक्षण किया। उन्होंने हमसफर एक्सप्रेस के 900वें मार्डन कोच का भी शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने हमसफर एक्सप्रेस के 900वें कोच को राष्ट्र को समर्पित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधे मार्डन कोच फैक्ट्री का रुख किया। उन्होंने कोच फैक्ट्री का निरीक्षण किया। इसके बाद यहां पर दो हजार रेल डिब्बों की उत्पादन क्षमता के लिए विस्तारीकरण कार्य का शुभारंभ करने के साथ कोच फैक्ट्री के इस वित्तीय वर्ष में उत्पादित 900वें रेल डिब्बे व हमसफर रैक को राष्ट्र को समर्पित किया। उनके साथ रेल मंत्री पीयूष गोयल भी हैं।
रायबरेली में उनका पहला हेलीकॉप्टर 10.20, दूसरा 10:22 पर तथा तीसरा 10.23 पर रेल कोच के कारखाना परिसर में बने हेलीपैड पर पहुंचा। वहां पर उनकी अगवानी तथा स्वागत किया गया। उधर सभा स्थल पर जाने के लिए यहां पर जनसैलाब उमड़ा है।
पांडाल के सभी प्रवेश द्वारों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण उत्साहित कार्यकर्ताओं और सतर्क सुरक्षाकर्मियों के बीच कई बार तकरार भी हुई। सुरक्षा बलों ने काली जैकेट पहने लोगो को वापस लौटाया।