नई दिल्ली:मिजोरम विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत जीत के बाद मिजो नेशनल फ्रंट के अध्यक्ष जोरमथांगा ने शनिवार को मिजोरम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। 40 सदस्यीय विधानसभा में मिजो नेशनल फ्रंट को 26 सीटें मिली हैं।
मिजो नेशनल फ्रंट पार्टी के सूत्रों ने बताया कि नवनिर्वाचित विधायकों ने जोरमथांगा को विधायक दल का नेता चुना। विधानसभा चुनावों में शानदार जीत मिलने के कुछ घंटों के बाद जोरमथांगा के नेतृत्व में MNF के तीन नेताओं के एक शिष्टमंडल ने राज्यपाल कुम्मनम राजशेखरन से राजभवन में मुलाकात करके सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
इससे पहले पार्टी प्रमुख ने कहा था कि हम उम्मीद करते हैं कि हम 15 दिसंबर तक सरकार बना लेंगे। जोरमथांगा ने साफ किया कि वह भारतीय जनता पार्टी के एकमात्र विधायक बुद्धधन चकमा को अपने मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करेंगे। एमएनएफ, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस में सहयोगी है।
गौरतलब है कि सत्तारूढ़ कांग्रेस को इस बार महज पांच सीटें मिली। वहीं पिछले विधानसभा चुनावों में पार्टी ने 34 सीटें हासिल कर सरकार बनाई थी। एमएनएफ 10 साल बाद राज्य की सत्ता में वापसी कर रही है। मुख्यमंत्री ललथनहवला ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया है। साल 1986 के बाद से ही मिजोरम में सत्ता कभी कांग्रेस और कभी एमएनएफ के हाथों में रही है।
मिजोरम: जोरमथांगा ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
Leave a comment
Leave a comment