नई दिल्ली:भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज कहे जाने वाले युवराज सिंह आज 37 साल के हो गए हैं। 6 साल पहले उन्होंने इस बात का खुलासा किया था कि उन्हें कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी है। इस जानकारी ने हर किसी को सकते में डाल दिया था। कैंसर होने के बावजूद युवराज ने न सिर्फ इस जानलेवा बीमारी को हराया बल्कि मैदान में भी एक बार वापस आए। उनकी इस स्पिरिट से पूरा देश को खुशी मिली थी।
धुरंधर बल्लेबाज युवराज सिंह की भारत को आईसीसी के दो वर्ल्ड जिताने में अहम भूमिका है। युवराज सिंह ने साल 2007 में खेले गए पहले टी20 वर्ल्ड कप में भी भारत को चैंपियन बनाया था। युवराज सिंह ने इंग्लैंड के खिलाफ स्टुअर्ट ब्रॉड की 6 गेंदों में 6 छक्के लगाकर इतिहास रचा था, साथ ही उन्होंने महज 12 गेंदों में अर्धशतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया था। इस टूर्नामेंट में युवराज सिंह बेस्ट बल्लेबाज चुने गए थे।
युवराज सिंह ने साल 2011 वर्ल्ड कप में भी मैन ऑफ द सीरीज अवॉर्ड हासिल किया। युवराज सिंह ने बल्ले और गेंद से जबर्दस्त प्रदर्शन कर भारत को 23 साल बाद वर्ल्ड चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया। युवी ने टूर्नामेंट में 90 से ज्यादा की औसत से 362 रन बनाए थे। साथ ही उन्होंने 15 विकेट अपने नाम किए थे।
युवराज के नाम हैं तमाम बड़े रिकॉर्ड
युवराज सिंह ने 2007 में खेले गए टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ स्टूअर्ड ब्रॉड के एक ओवर की छह गेंदों में छह छक्के जड़े थे। युवराज सिंह ने ये कमाल 11 साल पहले किया था और इसी दिन युवी ने एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया था, जो आज भी कायम है। खास बात ये है कि ये कमाल दुनिया का कोई और खिलाड़ी कर ही नहीं सका है।
दरअसल युवी अंतरराष्ट्रीय टी-20 में छह गेंदों पर छह छक्के लगाने वाले दुनिया के एकलौते और एकमात्र बल्लेबाज़ हैं। हालांकि युवी के बाद कई लोगों ने टी-20 क्रिकेट में छह गेंदों पर छह छक्के लगाए हैं, लेकिन उन्होंने ये करिश्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नहीं बल्कि घरेलू टूर्नामेंट या फिर टी-20 लीग में किया है।
धुरंधर बल्लेबाज युवराज सिंह के नाम उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 12 गेंदों में अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड है। आपको बता दें कि युवी के इस कीर्तिमान को आज तक कोई तोड़ तो नहीं सका है, लेकिन इसकी बराबरी कुछ खिलाड़ियों ने जरुर कर ली है।