- किशोर एवं कन्याओं का ‘आरोहण 2023’ सेमिनार का आयोजन
उधना। ज्ञानशाला के आध्यात्मिक पर्यवेक्षक बहुश्रुत मुनिश्री उदितकुमारजी के सान्निध्य में तेरापंथ भवन उधना में ‘आरोहण 2023’ का आयोजन हुआ। तेरापंथ युवक परिषद एवं तेरापंथ महिला मंडल, उधना द्वारा आयोजित इस सेमिनार में 315 किशोर व कन्याओं की संभागिता रही। इसमें मुख्यतः कॉलेज व प्रोफेशनल कोर्स से संबद्ध विद्यार्थी थे।
मुनिश्री ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा-‘प्रत्येक व्यक्ति आरोहण करें। उसका आरोहण ज्ञान, चरित्र, नैतिकता, धार्मिक क्रिया में हो। वह गुणवान बने। इसके लिए सतत पुरुषार्थ भी करे। जीवन की प्राप्ति एक सामान्य घटना है पर उस जीवन में गुणों का आरोहण उसकी उपयोगिता है, तभी वह स्वयं के लिए, परिवार, समाज व देश के लिए उपयोगी बन सकता है। कोरी कल्पना से काम नहीं चलता, उसके साथ पुरुषार्थ का योग हो, वह भी लक्ष्य के अनुरूप हो। सफलता की प्राप्ति श्रम एवं सत्संकल्प से ही संभव है। जो शिखर का स्पर्श कर लेता है वह इतिहास बना लेता है।’ मुनिश्री ने किशोर व कन्याओं से आह्वान किया- ‘वे सुसंस्कारों की नींव पर विकास के पथ पर आरोहण करें।’ मुनि अनंत कुमार जी ने भी अपने प्रासंगिक विचार रखें।
तेरापंथ युवक परिषद उधना के अध्यक्ष श्री हेमंत जी डांगी,तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती सोनू जी बाफना ने भी अपने उद्गार व्यक्त किए। किशोर मंडल प्रभारी श्री योगेश दुगड़,किशोर मंडल संयोजक श्री प्रथम कोठारी, कन्या मंडल संयोजिका सुश्री प्रज्ञा जैन ने आए हुए वक्ता एवं प्रशिक्षक श्री दिलीप जी सरावगी एवं श्री अरुण जी सेठिया का परिचय दिया।
सेमिनार के मुख्य प्रशिक्षक श्री दिलीप जी सरावगी ने जैनिज्म एंड नेक्स्ट जेनरेशन विद स्किल डेवलपमेंट विषय पर पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के बाद मैनेजमेंट गेम तथा फैमिली शेयरिंग चैलेंज एंड सलूशन विषय गत ओपन सेशन का कुशल संचालन अभातेयुप के किशोर मंडल के पूर्व राष्ट्रीय सह प्रभारी श्री अरुण जी सेठिया ने किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल प्रतियोगियों को पुरस्कृत किया गया। श्री दिलीप जी सरावगी व अरुण जी सेठिया का मोमेंटो से सम्मान किया गया। तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ महिला मंडल किशोर मंडल कन्या मंडल आदि कार्यकर्ताओं की पूरी टीम कार्यक्रम की कुशल संयोजन में सक्रिय रही। पूरे दिन भर चली इस कार्यशाला में कामरेज नवसारी मरोली आदि क्षेत्रों से भी किशोर एवं कन्याओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।