- मुंबई में ‘इंडिया’ की बैठक बेहद अहम , बैठक की तैयारियों पर चर्चा: नाना पटोले
- ‘इंडिया ‘ बैठक की तैयारी के लिए तीनों दलों में से प्रत्येक के 5 नेताओं का एक समूह
मुंबई । कांग्रेस पार्टी समेत देश की अहम विपक्षी दलों द्वारा बनाए गए ‘इंडिया’ गठबंधन की तीसरी बैठक मुंबई में हो रही है। यह बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में आयोजित की गई है। इस बात की जानकारी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने दी है । उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने के बाद से इस बैठक का विशेष महत्व हो गया है। बैठक की तैयारी के लिए महाविकास अघाड़ी के तीनों दलों के 5-5 नेताओं का एक समूह बनाया गया है। पटोले ने बताया कि यह समूह कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के नेतृत्व में काम करेगा। मुंबई की इस बैठक को सफल बनाने के लिए महाविकास आघाडी में शामिल तीनों दल के नेता जोर-शोर से काम कर रहे हैं।
इस संबंध में शनिवार को वर्ली के नेहरू सेंटर में महाविकास आघाड़ी नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक में एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार , शिवसेना प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे , कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले , कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात , विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार , पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण , पृथ्वीराज चव्हाण , एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल , पूर्व मंत्री अनिल देशमुख , सांसद सुप्रिया सुले , शिवसेना नेता और पूर्व मंत्री सुभाष देसाई , सांसद संजय राउत , अनिल देसाई और अन्य उपस्थित थे।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि मुंबई में होने वाली यह इंडिया गठबंधन की तीसरी बैठक है। उन्होंने कहा कि मुंबई में बैठक अच्छी और सफल हो।इसकी तैयारियों में आघाडी के सभी नेता जुट गए हैं। मुंबई में होने वाली बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे , संसदीय कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी , पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत इंडिया अलायंस घटक दलों के प्रमुख , गैर बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता मौजूद रहेंगे। पटोले ने कहा कि इस संबंध में राज्य सरकार को जानकारी दी जाएगी ताकि नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जा सके । कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश में पिछले 9 साल से चल रहे तानाशाही व्यवस्था के खिलाफ इंडिया गठबंधन का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि पटना और बेंगलुरु में बैठक सफल होने के बाद मुंबई बैठक को सफल बनाने के हम तैयार हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुंबई में बैठक को सफल बनाने के लिए एक समिति का गठन किया है, जिसमें तीनों दलों के पांच-पांच नेता शामिल होंगे। कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण , प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री नसीम खान , मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री वर्षा गायकवाड़ , विधान परिषद में कांग्रेस पार्टी समूह के नेता, सतेज उर्फ बंटी पाटिल और पूर्व सांसद संजय निरुपम इस समिति के सदस्य होंगे।
एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए नाना पटोले ने कहा कि हम बीजेपी के भ्रष्ट चेहरे को बेनकाब करने जा रहे हैं जो दूसरों को भ्रष्ट कहती है।उन्होंने कहा कि शिंदे सरकार में भाजपा के कई मंत्री भ्रष्ट हैं ।उनके भ्रष्टाचार की जानकारी हमारे पास है। जल्द ही हम उन्हें बेनकाब करेंगे । पटोले ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने हाल ही में जिस पार्टी के नेताओं पर 70 हजार करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। दो दिन के अंदर वह पार्टी के नेता सत्ता में शामिल हो जाते है , यह कैसे हो गया ? क्या बीजेपी में आकर नेता पवित्र हो जाते हैं ? पटोले ने यह सुलगता सवाल बीजेपी से पूछा है।