मुंबई। मुंबई विश्वविद्यालय के तत्वावधान में के.सी. कालेज द्वारा अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयीन फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। 11 दिसंबर से 28 दिसंबर 2018 तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का रंगारंग उद्घाटन समारोह मंगलवार, 11 दिसम्बर को दोपहर 3 बजे के.सी. कालेज के ऑडिटोरियम में मुख्य अतिथि उच्च और तकनीकी शिक्षा, सांस्कृतिक कार्य व अल्पसंख्यक मन्त्रालय एवं खेल-कूद मंत्री विनोद तावड़े के हाथों होगा। इस अवसर पर मुंबई विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुहास पेडणेकर, एचएसएनसी बोर्ड के प्रेसिडेंट अनिल हरीश, निरंजन हीरानन्दानी, किशु मनसुखानी एवं इंटरनेशनल एथलेटिक्स फेडरेशन के काऊंसिल सदस्य तथा पूर्व ओलंपियन एडिले जे. सुमरिवाला की विशेष उपस्थिति रहेगी।
मुंबई विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुहास पेडणेकर ने अपने विचार व्यक्त करते हुये कहा कि यह प्रतियोगिता महाराष्ट्र सरकार के ‘क्रीड़ा महोत्सव’ का एक हिस्सा है जोकि प्रधानमंत्री के ‘खेलो इंडिया’ अभियान के तहत आयोजित की गयी है। मैं उन सभी विश्वविद्यालयों को धन्यवाद देना चाहूंगा जिनकी टीमें इस प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं। एक आयोजक के रुप में के सी कॉलेज की भूमिका बहुत ही शानदार तरीके से निभा रहा है जो की बेहद सरहनीय और अनुकरणीय है। विश्वविद्यालय के ओर से के सी कॉलेज को पूरा सहयोग किया जा रहा है।
के.सी. कॉलेज की प्राचार्य डॉ. हेमलता बागला ने बताया कि 161 साल के इतिहास में मुंबई विश्वविद्यालय के तत्वावधान में पहली बार अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयीन फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। दो चरणों में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 81 विश्वविद्यालयों के 1100 खिलाड़ियों सहित 1200 से अधिक सदस्य सहभागी बनेंगे। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में 11 दिसम्बर से 21 दिसंबर 2018 तक अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयीन फुटबाल (पश्चिम जोन) के तथा दूसरे चरण 22 दिसम्बर से 28 दिसम्बर 2018 के दौरान अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयीन फुटबाल मैच होंगे। प्रतियोगिता के अंतर्गत कुल 104 मैच होंगे। ये मैच मरीन लाइंस स्थित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स पवेलियन सहित मुंबई, नवी मुंबई के मैदानों में खेले जाएंगे। डॉ. बागला ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर सारी तैयारियां कर ली गई हैं। प्रतियोगिता को लेकर विश्वविद्यालय प्रबंधन एवं महाराष्ट्र सरकार से हमें अपेक्षित सहयोग मिल रहा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुंबई विश्वविद्यालय के तत्वावधान में के.सी. महाविद्यालय द्वारा 2008 में बैडमिंटन, 2015 में बास्केटबाल तथा 2017 में स्क्वैश (पुरुष-महिला) अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता का सफल आयोजन करके अपने सामर्थ्य को साबित किया है।
के.सी. कॉलेज की स्थापना भारत-पाक विभाजन के पश्चात मुंबई आए सिंधी समुदाय के विद्यासागर प्रिंसिपल के.एम. कुंदनानी, बैरिस्टर एच.जी. आडवाणी द्वारा बनाए गए गए ‘हैदराबाद (सिंध) नेशनल कॉलेजिएट [H(S)NC] बोर्ड’ द्वारा सन 1954 ई. में किया गया। वर्तमान समय में बोर्ड के अंतर्गत 25 कॉलेज और स्कूल संचालित हैं। चर्चगेट स्थित के.सी. कॉलेज को ‘नैक’ द्वारा लगातार तीन बार से ‘ए’ ग्रेड दिया गया है। साथ ही मुंबई विश्वविद्यालय द्वारा सर्वश्रेष्ठ कॉलेज, नगरीय (अर्बन रिजन) से सम्मानित किया गया है। शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं समाजिक कार्यों में भी कॉलेज की विशिष्ट पहचान है।
अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयीन फुटबाल प्रतियोगिता 11 से 28 तक
Leave a comment
Leave a comment