नई दिल्ली। विधानसभा चुनावों के साथ ही दिल्ली में संपन्न हुए नगर निगम (एमसीडी) के चुनावों के भी एग्जिट पोल आ गए हैं। इस एग्जिट पोल के मुताबिक इस बार दिल्ली नगर निगम पर भाजपा को हराते हुए आम आदमी पार्टी (आप) काबिज होती दिख रही है। और बीजेपी 15 वर्षों के बाद एमसीडी की सत्ता से बाहर हो सकती है।
‘इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया’ के एग्जिट पोल के अनुसार, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप को 43 फीसद मत प्रतिशत के साथ 149 से 171 सीटें मिल सकती हैं। दूसरी तरफ, बीजेपी को 35 प्रतिशत मतों के साथ 69 से 91 सीटें मिल सकती हैं। इस एग्जिट पोल के अनुमान को मानें तो कांग्रेस निगम चुनाव में अब तक का सबसे निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली है। कांग्रेस को 10 प्रतिशत मतों के साथ 3-7 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है। दिल्ली नगर निगम की 250 सीटों पर गत चार दिसंबर को मतदान संपन्न हुआ है।
‘इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया’ के एग्जिट पोल के मुताबिक, कम्युनिटी के हिसाब से बात करें तो आप को सबसे ज्यादा पंजाबी और दक्षिण भारतीय समुदाय का समर्थन मिलता दिख रहा है। इन दोनों समुदायों के 58 फीसदी वोटर्स द्वारा आप को वोट करने का अनुमान जताया जा रहा है। कॉलोनी या फ्लैट वाले इलाके में भाजपा को सबसे ज्यादा 42 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है।
इस इलाके में आप को 36 फीसदी जबकि कांग्रेस को केवल 10 फीसदी वोट मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। आप को दिल्ली के स्लम इलाके में 49 फीसदी जबकि बीजेपी को केवल 28 फीसदी वोट मिलने की बात कही गई है। स्लम इलाके में कांग्रेस को 11 फीसदी वोट मिलने का अनुमान जताया गया है।
एग्जिट पोलः दिल्ली नगर निगम पर हो सकता है “आप” का कब्जा
Leave a comment
Leave a comment