नई दिल्ली:देश में रविवार को कोरोना के 1 लाख 1 हजार 159 मामले सामने आए। यह आंकड़ा पिछले 62 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 5 अप्रैल को 96,563 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। पिछले 24 घंटे में संक्रमण की वजह से 2,444 लोगों की मौत हुई है।
देश में करीब 45 दिन बाद रोजाना मौतों का आंकड़ा 2500 से नीचे आया है। इससे पहले 22 अप्रैल को 2257 लोगों की मौत हुई थी। राहत की बात यह भी रही कि बीते दिन 1 लाख 73 हजार 831 लोगों ने कोरोना को मात दी। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 75,151 की कमी रिकॉर्ड की गई।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 1.01 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.73 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 2,444
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.89 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.71 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 3.49 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 13.98 लाख
13 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 15 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
19 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।
अपडेट्स
- दिल्ली AIIMS में सोमवार से भारत बायोटेक की स्वदेशी कोरोना वैक्सीन कोवैक्सिन के क्लीनिकल ट्रायल के लिए स्क्रीनिंग शुरू हो रही है। हाल ही में पटना एम्स में 12 से 18 साल के बच्चों पर ट्रायल शुरू किया गया था।
- दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट गिरकर 0.50% हो गई है। दूसरी लहर के पीक के दौरान यह 32% तक हो गई थी। अब दिल्ली में एक्टिव केस महज 5,889 रहे गए हैं।