- आज़ाद मैदान मे जुटेंगे कई नामी हस्तियां
मुंबई। जैन तीर्थ सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल घोषित किये जाने के विरोध, पलीताना तीर्थ पर आसामाजिक तत्वों के द्वारा किये गये तोड़ फोड़ के विरोध में आज यानी 4 जनवरी 2023 को समाज के लोग फिर एकजुट होंगे। इस बार यह अहिंसा रैली मुंबई के आज़ाद मैदान में आयोजित की गई है, जिसमें कई नामी – गिरामी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सम्मेद शिखर जी, “गिरनार, शत्रुंजय बचाओ महारैली” के तहत इस रैली का आयोजन
सकल जैन समाज का एक ही तीर्थ पर आयोजित किया गया है। इस रैली का नारा “तीर्थ बचाओ, धर्म बचाओ” दिया गया है। जैन समाज के लोगों से अपील की गयी है कि पंथवाद को पीछे छोड़कर इस तीर्थ बचाओ महारैली में सम्मिलित हों।
रैली में अपनी निश्रा प्रदान करने के लिए भक्तामर वाले बाबा प.पु. 108 आचार्य श्री प्रणाम सागर जी महाराज, श्रमण संघीय सिद्धांताचार्य राष्ट्र संत पूज्य गुरुदेव डॉ. राम मुनि जी म. सा. निर्भय, युवा मनीषी श्री विकास मुनि जी शास्त्री, मुनि श्री नयनपद्म सागर जी महाराज, आगम सरिता आर्यिका 105 सुजान श्री माता जी, आगम सरिता आर्यिका 105 प्रज्ञा श्री जी माता जी एवं साध्वी श्री सम्यकलता श्रीजी महाराज उपस्थित रहेंगे।
समस्त जैन समाज संगठन मुंबई के बैनर तले आहुत इस रैली में शिखर जी आंदोलन के प्रेरक संजय जैन, शिखर जी सेना के संयोजक पारस लोहाड जैन, सुप्रसिद्ध कवि एवं अभिनेता शैलेश लोढ़ा, सुप्रसिद्ध कवियत्री अनामिका अम्बर जैन, सौरभ सुमन जैन तथा सुप्रसिद्ध जैन संगीतकार विकी डी. पारेख जैन सहित समाज के तमाम प्रतिनिधि एवं मशहूर हस्तियाँ शामिल होंगी। सूत्रों से पता चला है कि इस रैली में सम्मेद शिखर पर्यटन स्थल घोषित किये जाने के विरोध में 108 लोग मुंडन कराकर विरोध जतायेंगे। यह पहली बार है जब सम्पूर्ण जैन समाज अपने तीर्थ स्थल को बचाने एक साथ आ रहा है। बताते चलें कि इस विरोध प्रदर्शन व रैली को भारत जैन महामंडल, भारत वर्षीय दिगम्बर तीर्थ रक्षा कमिटी, श्री दिगम्बर जैन ग्लोबल महासभा, सकल दिगम्बर जैन समाज, श्वेतांबर जैन मूर्तिपूजक समाज, श्वेतांबर स्थानकवासी जैन समाज एवं श्वेतांबर तेरापंथी जैन समाज का पूरा समर्थन है और पूरा समाज एकजुट होकर एक मंच पर आया है।
इससे पहले जैन साधू संतों के मार्गदर्शन में जैन समाज द्वारा 1 जनवरी को क्रांति मैदान में अहिंसा महारैली आयोजित की गयी थी, जिसमें लाखों की संख्या में जैन समाज के लोगों ने हिस्सा लिया था साथ में महाराष्ट्र सरकार ले कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करात्व हुए घोषणा की थी कि यदि 15 दिन में बात नहीं मानी गयी तो वे तब तक जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता न तो पैर में जूता पहनेंगे और न ही दाढ़ी बनाएंगे।