वॉशिंगटन:अमेरिका में सोमवार को कोविड के 10 लाख नए मामले सामने आए। यहां के तमाम राज्यों में छुट्टियों के बाद स्कूल खोले जाने थे। अब राज्य सरकारें और लोकल एडमिनिस्ट्रेशन स्कूल फिर से खोलने को लेकर असमंजस में है। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक- नेवार्क, अटलांटा, मिलवाउकी और क्लीवलैंड में लोकल एडमिनिस्ट्रेशन ने ऑनलाइन क्लासेज शुरू करने का फैसला किया है। इन राज्यों में करीब 4.50 लाख स्टूडेंट्स को फायदा होगा। माना जा रहा है कि कुछ जगहों पर स्कूल एक से दो हफ्ते के लिए बंद भी किए जा सकते हैं। पिछले कुछ महीनों से केस कम थे और इसीलिए स्कूल खुले थे। न्यूयॉर्क और फ्लोरिडा के गवर्नर स्कूल खोलने पर जोर दे रहे हैं।
स्पेन का फैसला बिल्कुल अलग
अमेरिका में स्कूल बंद करने और ऑनलाइन क्लासेज पर फोकस है तो दूसरी तरफ यूरोपीय देश स्पेन ने सभी स्कूल खोलने के आदेश जारी कर दिए हैं। हेल्थ मिनिस्टर कैरोलिना डेरिस ने मंगलवार को कहा है कि देश के सभी स्कूल और यूनिवर्सिटीज 10 जनवरी से खोले जाएंगे। इस बारे में एजुकेशन और हेल्थ एक्सपर्ट्स की मीटिंग बुलाई गई थी। इसमें फैसला किया गया कि स्कूल खोले जाने चाहिए। स्पेन में अब 12 से 19 साल के 86.6% स्टूडेंट्स वैक्सीनेट हो चुके हैं। डेरिस ने कहा- हमारे देश के क्लासरूम सेफ हैं। हम हर अपडेट पर नजर रख रहे हैं।